मेट्रो दुर्घटना स्थल पर सफाई अभियान जारी (लीड-1)
दक्षिणी दिल्ली के जमरूदपुर इलाके को चारों तरफ से बंद कर दिया गया है। यहां तक कि खतरा वाले इलाके में पत्रकारों के प्रवेश पर भी रोक लगा दिया गया है। घटनास्थल पर तैनात पुलिस कर्मी वहां खड़े उत्सुक तमाशबीनों को दूर हटाने में व्यस्त रहे। पुलिस कर्मियों ने यातायात को पास के एक व्यस्त मार्ग की ओर मोड़ दिया था।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के लगभग 80 से 100 अभियंता और अधिकारी दुर्घटना स्थल के परीक्षण और चर्चा में मशगूल देखे गए। उनमें से कुछ रविवार की शाम से ही सफाई अभियान में जुटे रहे। लेकिन उनमें से किसी ने भी मंगलवार को मीडिया कर्मियों से बात नहीं की।
दुर्घटनास्थल से लगे इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति मंगलवार को भी बाधित रही।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रमुख ई.श्रीधरन ने मंगलवार सुबह दुर्घटनास्थल का दौरा किया। यहां सोमवार को जारी राहत कार्य के दौरान तीन विशाल क्रेन और एक गार्डर के गिरने से छह व्यक्ति घायल हो गए थे। इसी जगह रविवार को एक निर्माणाधीन पुल के गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को मूलचंद से नेहरू प्लेस तक का रास्ता वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि नेहरू प्लेस से मूलचंद के आने के लिए संत नगर और ग्रेटर कैलाश से रास्ता खोला गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इन रास्तों से केवल हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी गई है। नेहरू प्लेस-मूलचंद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू होने में छह से सात दिन लग सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications