लालगढ़ में नक्सलियों ने दो माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या की
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) राज कनोजिया ने आईएएनएस को कोलकाता में बताया कि माकपा कार्यकर्ता स्वपन देबसिंह और तारिनि महतो के शव शैलबोनी पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले मेमुल के जंगली इलाके में एक नाले के पास पाए गए। सशस्त्र नक्सलियों ने सोमवार की रात दोनों का अपहरण कर लिया था।
मेमुल में सूत्रों ने कहा है कि इस घटना से ग्रामीणों के बीच अफरातफरी मच गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
नक्सलियों ने सोमवार की रात पड़ोस के पुरुलिया जिले के बड़ा बाजार इलाके में एक बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। विस्फोट के कारण एक निर्माणाधीन कम्युनिटी हाल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा है कि लगभग 20 से 25 की संख्या में नक्सलियों ने कम्युनिटी हाल पर धावा बोला औैर वहां वे अपनी विचारधारा से जुड़े पोस्टर छोड़ कर चले गए।
इस बीच सुरक्षा बलों ने पड़ोस के बांकुड़ा जिले के सारंगा पुलिस थाने के तहत आने वाले बिक्रमपुर इलाके से शंभू उर्फ सलिल लोहार नामक एक संदिग्ध नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications