स्वाइन फ्लू के खतरे के बावजूद होगा राष्ट्रमंडल सम्मेलन
पोर्ट ऑफ स्पेन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। स्वाइन फ्लू के खतरे के बावजूद यहां आगामी नवम्बर महीने में राष्ट्रमंडल देशों के राष्ट्राध्यक्षों (सीएचओजीएम) का द्विवार्षिक सम्मेलन आयोजित होगा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इसमें शिरकत करेंगे।
त्रिनिदाद के सरकारी अधिकारियों के मुताबिक 27 से 29 नवम्बर को होने वाले इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत के अप्रवासी मामलों के मंत्री व्यालार रवि भी हिस्सा लेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के खतरों के बावजूद यह सम्मेलन होगा और सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष इसमें हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रमंडल सचिवालय के उप महासचिव रेन्सफोर्ड स्मिथ ने कहा, "मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि स्वास्थ्य मंत्रालय के सहयोग से हम आंतरिक रूप से स्वाइन फ्लू के खतरों को लेकर गंभीर हैं।" उल्लेखनीय है कि त्रिनिदाद और टोबैगो में स्वाइन फ्लू के अब तक 65 मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री जेरी नेरेस ने कहा, "सीएचओजीएम एक उच्चस्तरीय सम्मेलन है। 53 देशों के शीर्ष प्रतिनिधि इसमें शिरकत करेंगे। मेजबान देश होने के नाते हम इस बैठक की अहमियत समझ सकते हैं। सम्मेलन के मद्देनजर हम सभी प्रकार के आवश्यक इंतजाम करेंगे।"
राष्ट्रमंडल का प्रमुख होने के नाते ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय इस सम्मेलन के शुरुआती सत्र में हिस्सा लेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications