पटना उच्च न्यायालय के वकील बुधवार को करेंगे कार्य बहिष्कार
पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पटना उच्च न्यायालय के वकील आरा न्यायालय में हुए बम धमाके में वकील विनय तिवारी की मौत के विरोध में तथा उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर बुधवार को अदालती कार्यो का बहिष्कार करेंगे।
वकीलों के संगठन बार एसोसिएशन, लॉयर्स एसोसिएशन और एडवोकेट एसोसिएशन की समन्वय समिति के संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा ने मंगलवार को बताया कि 10 जुलाई को आरा न्यायालय परिसर में हुए एक बम विस्फोट में एक वकील विनय तिवार की मौत हो गई जबकि चार वकील बुरी तरह घायल हो गए। सरकार ने अभी तक किसी प्रकार के मुआवजे की घोषणा नहीं की है।
उन्होंने कहा कि संगठन तिवारी के परिजनों को तत्काल 20 लाख रुपये तथा घायल वकीलों का सरकारी खर्च पर इलाज तथा परिजनों को एक-एक लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है।
वर्मा ने कहा कि 15 जुलाई तक अगर मुआवजे की घोषणा सरकार नहीं करती है तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार के सभी न्यायालय के वकीलों ने वकीलों पर हो रहे हमले के विरोध में 25 तथा 26 जून को अदालती कार्यो का बहिष्कार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications