भारतीय सेना चैम्प्स एलीसीस में मार्च करने को तैयार
पेरिस, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय सुरक्षा बलों के 400 से अधिक जवान ऐतिहासिक चैम्प्स एलीसीस में मंगलवार शाम आयोजित होने वाले फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मार्च करेंगे। इस राष्ट्रीय दिवस को बास्तील दिवस के रूप में भी जाना जाता है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। यह सम्मान पाने वाले वह पहले विदेशी नेता होंगे। भारतीय सेना में मराठा लाइट इंफेंट्री के जवान भी शामिल हैं, जो देश की चर्चित और सबसे पुरानी सेनाओं में शुमार है। इस सेना के जवानों ने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में भी हिस्सा लिया था।
भारतीय सेना का नेतृत्व कैप्टन विवेक खंडूरी कर रहे हैं। इसमें भारतीय नौसेना और वायु सेना के भी जवान शामिल है। पारम्परिक वेशभूषा में ये जवान पाइप और बैंड के साथ पहुंचे हैं और 'कदम कदम मिलाए जा' के पारम्परिक धुन पर ताल मिला रहे हैं।
मनमोहन सिंह अपने फ्रांस दौर पर सोमवार की शाम पेरिस पहुंचे जहां न्याय मंत्री मिशेल एलियट मेरी ने उनका स्वागत किया। अपने इस दौरे में मनमोहन सिंह फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के साथ द्विपक्षीय रिश्तों पर चर्चा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications