मनमोहन-गिलानी बैठक से पहले मुंबई दस्तावेजों का अध्ययन कर रहा भारत
पेरिस, 14 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ यात्रा कर रहे एक वरिष्ठ अधिकारी ने मिस्र में भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की बैठक से एक दिन पहले सोमवार को कहा कि भारत अभी भी पाकिस्तान द्वारा सौंपे गए मुंबई हमले की जांच से संबद्ध दस्तावेजों का अध्ययन कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने भारतीय उच्चायुक्त मनप्रीत वोरा को देर शनिवार ये दस्तावेज सौंपे।
मिस्र में गुट निरपेक्ष देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान मंगलवार शाम को होने वाली विदेश सचिव शिवशंकर मेनन और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर की बैठक में मुंबई हमला तो महत्वपूर्ण होगा ही, इसके साथ ही भारत आतंकवादियों और भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों का मसला भी उठाएगा।
इसके बाद गुरुवार 16 जुलाई की सुबह दोनों पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी और मनमोहन सिंह की बैठक होगी जो भविष्य में दोनों देशों के संबंधों का रुख तय करेगी।
अधिकारी ने कहा कि स्थिति का अनुमान पहले नहीं लगाया जा सकता लेकिन पाकिस्तान ने कुछ कदम उठाए हैं लेकिन वे किस तरह के हैं इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
मुंबई हमलों के आरोपी हाफिज मुहम्मद सईद को आतंकवादी ढांचे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए अधिकारी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव हो या नहीं, पाकिस्तान की जिम्मेदारी है कि वह आतंकवाद में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications