स्वात विस्थापितों की घर वापसी शुरु

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने विस्थापित हुए लोगों से अनुरोध किया था कि वे अब अपने घर लौट जाएँ। गिलानी का कहना था कि स्वात, बुनेर और अपर दीर क्षेत्रों से चरमपंथियों के भगा दिया गया है।
विस्थापितों का लौटना शुरु
अधिकारियों ने बुनेर जिले के समीप नौशेरा और चारसड्डा जिलों में स्थापित राहत शिविरों से नागरिकों को उनके घरों तक भेजना आरंभ कर दिया है। अप्रैल में बुनेर पर तालिबान के कब्जे के बाद ही सरकार सैन्य अभियान के लिए बाध्य हुई थी।
नौशेरा के जालोजई शिविर का कार्यभार देख रहे ताहिर ओरकजई ने बताया कि 108 परिवारों को उनके घरों के लिए रवाना किया गया है और यह प्रक्रिया पूरे दिन चलती रहेगी।
विस्थापितों में उत्साह नहीं
परंतु विस्थापितों में घर वापसी को लेकर कोई विशेष उत्साह नहीं देखा गया। उनको ले जाने वाले वाहन आधे खाली थे। संयुक्त राष्ट्र ने पिछले सप्ताह जोर देकर कहा था कि शरणार्थियों की वापसी स्वेच्छा से होनी चाहिए।
ओरकजई ने कहा कि जितनी जल्दी पहला काफिला सुरक्षित स्वात पहुंचेगा, उससे शिविर के अन्य लोगों को भी घर वापसी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताओं का भी समाधान होगा। माना जा रहा है कि इन लोगों को अभी कई महीने तक सहायता की आवश्कता पड़ेगी।


Click it and Unblock the Notifications