स्वाइन फ्लू के 8 नए मामले, देश में पीड़ितों की संख्या 200 के पार
स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को हैदराबाद में आठ नए मामलों की पुष्टि की है। इसके साथ ही इस शहर में अब तक फ्लू के मामलों की संख्या 31 हो गई है।
इन आठ मामलों में से छह मामले एक फ्लू पीड़ित सॉफ्टवेयर इंजीनियर से हुए संक्रमण के परिणाम हैं। वह इंजीनियर पांच जुलाई को ह्यूस्टन से यहां पहुंचा था। आठवां मामला एक ढाई साल के बच्चे का है। वह दुबई से यहां आया है।
स्वाइन फ्लू के राज्य समन्वयक के. सुभाकर के अनुसार सभी संक्रमित लोगों को आंध्रप्रदेश चेस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुभाकर ने कहा कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने फ्लू से पीड़ित होने के बाद भी नौ जुलाई तक अस्पताल से संपर्क नहीं किया था।
उन्होंने कहा, "इस दौरान उसके संपर्क में आए छह लोग भी फ्लू से पीड़ित हो गए।"
फ्लू के ताजा मामलों के साथ देश में पीड़ितों की संख्या 200 का आंकड़ा पार कर गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 133 पीड़ितों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। बाकी पीड़ितों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।