श्रीधरन के इस्तीफा वापस लेने का दीक्षित ने स्वागत किया (लीड-2)
श्रीधरन ने रविवार को राजधानी के जमरूदपुर इलाके में हुए मेट्रो रेल हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री की ओर से पद पर बने रहने का पत्र प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लिया।
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा, "डीएमआरसी के प्रमुख डॉ. ई. श्रीधरन ने मुख्यमंत्री की ओर से कल रात 11 बजे मिले पत्र को देखते हुए इस्तीफा वापस लेने का फैसला किया है।"
दयाल ने कहा, "उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी ने भी श्रीधरन से इस्तीफा वापस लेने का अनुरोध किया था।"
श्रीधरन ने सोमवार को दो बार दुर्घटना स्थल का दौरा किया लेकिन सोमवार सुबह डीएमआरसी की होने वाली नियमित साप्ताहिक बैठक में वह मौजूद नहीं थे।
श्रीधरन के इस्तीफा वापस लेने के फैसले का स्वागत करते हुए दीक्षित ने कहा, "वह बहुत वरिष्ठ व्यक्ति हैं। उन्होंने बहुत काम किया है। दुर्घटना की जांच के लिए एक आयोग का गठन किया गया है। देखते हैं क्या नतीजे सामने आते हैं। हम उन्हें चाहते हैं और हर कोई उन्हें चाहता है।"
श्रीधरन के इस्तीफे को अस्वीकार करने के बारे में दीक्षित ने कहा, "मैने ई. श्रीधरन का इस्तीफा इसलिए खारिज कर दिया क्योंकि दिल्ली मेट्रो एक ऐसी परियोजना है जो न केवल दिल्ली के लिए जरूरी है बल्कि इसने दिल्ली को गौरवान्वित किया है। इतनी तेजी से इसका विकास केवल श्रीधरन के कारण ही संभव हो सका।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications