'लादेन वर्तमान समय का सबसे बड़ा आतंकवादी' (लीड-1)
जोहांसबर्ग, 13 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के किछोछा स्थित एक इस्लामी आध्यात्मिक संगठन के धर्मगुरु हजरत सैयद मुहम्मद जिलानी अशरफ ने अफ्रीका में रविवार को संगठन के नए मुख्यालय के उद्घाटन के अवसर कहा है कि ओसामा बिन लादेन वर्तमान समय का सबसे बड़ा आतंकवादी है और उसके तरीके पैगंबर मुहम्मद साहब की शिक्षाओं के विपरीत हैं।
जिलानी ने कहा कि मुहम्मद साहब और उनके अनुयायियों की तरह इस्लाम के दुश्मनों का सामना करने के बजाय बिन लादेन छुपा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी जिहाद की सही परिभाषा नहीं समझते। जिहाद समाज से बुरे तत्वों के सफाए की प्रक्रिया है। जिस प्रकार चिकित्सक मरीज का आपरेशन करते समय छुरे का उपयोग करता है, जिहाद ठीक वही प्रक्रिया है। इससे समाज को बेहतर जीवन का अवसर मिलता है।
यदि पैगंबर आज होते तो वह न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले का आदेश कभी नहीं देते।
जिलानी ने कहा, "एक मुसलमान आतंकवादी नहीं हो सकता और एक आतंकवादी मुसलमान नहीं हो सकता, क्योंकि आतंकवादियों द्वारा अपनाए जाने वाले अमानवीय तरीके इस्लाम की शिक्षाओं के खिलाफ हैं।"
"पाकिस्तान में आतंकवादी अपने मुस्लिम भाइयों की हत्या कर रहे हैं और उन्हें सार्वजनिक रूप से लटका रहे हैं। इस्लाम इसकी शिक्षा नहीं देता।"
जिलानी ने कहा, "लेकिन आज देखिए पाकिस्तान में क्या हो रहा है। तीन महीने बाद भी पाकिस्तान सरकार आतंकवाद पर काबू नहीं पा सकी। सभी मस्जिदों पर सेना तैनात कर दी गई है, सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बम विस्फोट के भय से कोई भी मस्जिदों के समीप अपनी कार खड़ी नहीं कर सकता।"
मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए जिलानी ने कहा कि इस्लाम मानव जीवन और मानवीय गरिमा के संरक्षण की शिक्षा देता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications