मेट्रो हादसे में 6 घायल (लीड-2)
यह हादसा उस समय हुआ जब रविवार को गिरे पुल के टुकड़ों के बीच में फंसे लांचर निकालने के दौरान लगातार तीन क्रेनें एक-एक करके गिर पड़ीं, जिससे छह लोग घायल हो गए। घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया।
हादसे के समय वहां मेट्रो के लगभग 200 कर्मचारी और इंजीनियर उपस्थित थे। एक क्रेन नजदीक के कुछ दुकानों पर जा गिरी। सभी क्रेनों की भार क्षमता 250 टन थी।
एम्स के ट्रॉमा सेंटर के प्रवक्ता निर्मल ठाकुर ने भी इस बात की पुष्टि की है कि हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा है कि हादसे में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और मलबे में भी कोई फंसा हुआ नहीं है। उन्होंने लोगों से निर्माणाधीन स्थल से दूर रहने को कहा है।
दक्षिणी क्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त अजय कश्यप ने बताया कि एक क्रेन गार्डर के भार को अन्य क्रेन पर दे रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications