ज्योति बसु की हालत स्थिर, होगा सीटी स्कैन
कोलकाता, 13 जुलाई (आईएएनएस)। वयोवृद्ध मार्क्सवादी नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की हालत स्थिर बनी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी सेहत में संतोषजनक सुधार हुआ है और अब उनका सीटी स्कैन किया जाएगा।
बसु (96) रविवार को सॉल्ट लेक स्थित अपने आवास इंदिरा भवन में बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें पास ही के एएमआरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में सात चिकित्सकों का दल उनके उपचार में जुटा है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक देबाशीष शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "चिकित्सकों का दल बसु की सेहत में हुई प्रगति से संतुष्ट है। कुल मिलाकर उनकी हालत स्थिर है। उनके सभी अंग सही काम कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि बसु को रविवार रात अच्छी नींद आई और उन्हें तरल खाद्य पदार्थ दिया जा रहा है। उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के लगातार 23 वर्षो तक मुख्यमंत्री रहे बसु पिछले वर्ष अपने घर में गिर गए थे और इस वजह से उनके दिमाग में खून का एक थक्का जम गया था। चिकित्सकों ने उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी लेकिन वह इसे नहीं माने थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications