पाकिस्तान में विस्थापितों की घर वापसी आरंभ
जालोजई शिविर (पाकिस्तान), 13 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर इलाके में सुरक्षा बलों और तालिबान आतंकवादियों की लड़ाई के कारण विस्थापित हुए लोगों ने सोमवार को स्वात घाटी में अपने घरों को लौटना आरंभ कर दिया।
अधिकारियों ने बुनेर जिले के समीप नौशेरा और चारसड्डा जिलों में स्थापित राहत शिविरों से नागरिकों को उनके घरों तक भेजना आरंभ कर दिया है। अप्रैल में बुनेर पर तालिबान के कब्जे के बाद ही सरकार सैन्य अभियान के लिए बाध्य हुई थी।
नौशेरा के जालोजई शिविर का कार्यभार देख रहे ताहिर ओरकजई ने बताया कि 108 परिवारों को उनके घरों के लिए रवाना किया गया है और यह प्रक्रिया पूरे दिन चलती रहेगी।
परंतु विस्थापितों में घर वापसी को लेकर कोई विशेष उत्साह नहीं देखा गया। उनको ले जाने वाले वाहन आधे खाली थे।
संयुक्त राष्ट्र ने पिछले सप्ताह जोर देकर कहा था कि शरणार्थियों की वापसी स्वेच्छा से होनी चाहिए।
ओरकजई ने कहा कि जितनी जल्दी पहला काफिला सुरक्षित स्वात पहुंचेगा,उससे शिविर के अन्य लोगों को भी घर वापसी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इससे सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताओं का भी समाधान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications