माकपा में विवाद पर विपक्ष का केरल विधानसभा में हंगामा
कांग्रेस ने सरकारी कामकाज प्रभावित होने पर चर्चा के लिए कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश किया जिसे विधानसभा अध्यक्ष के. राधाकृष्णन ने अस्वीकार कर दिया। इससे नाराज होकर विपक्षी सदस्य विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास पहुंच गए और शोर शाराबा करने लगे। विपक्षी सदस्यों ने मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन के समर्थन में नारे भी लगाए।
इससे पहले विपक्ष के नेता ओमन चांडी ने कहा कि किसी भी विषय पर चर्चा करने का तब तक कोई फायदा नहीं है जब तक कि सरकारी कामकाज के अभाव पर चर्चा नहीं हो जाती।
उन्होंने कहा, "राज्य सचिवालय को फिल्मों की शूटिंग के लिए दे दिया गया है और सत्ताधारी दल के नेता सड़कों पर झगड़ रहे हैं। सरकार की कोई सामूहिक जिम्मेदारी है ही नहीं।"
उल्लेखनीय है कि जब से विधानसभा का यह सत्र आरंभ हुआ है तब से विपक्ष अच्युतानंदन और माकपा की राज्य इकाई के सचिव पिनराई विजयन के बीच चल रही आपसी लड़ाई को मुद्दा बनाकर सरकार पर हमले कर रहा है। अच्युतानंदन को रविवार को पार्टी की पोलित ब्यूरो से हटा दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications