राजनाथ ने पार्टी की युवा शाखा में भरा जोश
नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को पार्टी की युवा शाखा को नसीहत दी कि वह पार्टी की सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा पर अडिग बना रहे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनावी हार से निराश होने की जरूरत नहीं है।
राजनाथ सिंह ने भारतीय युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यहां आयोजित दो दिवसीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "हमें एक ऐसी पार्टी में होने का गर्व है, जिसके पास एक मजबूत विचारधारा का आधार है। मैं आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं कि जिस विचारधारा पर भाजपा चल रही है, वह विचारधारा आज किसी भी पार्टी के पास नहीं है।"
राजनाथ ने कहा, "हमारी विचारधारा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की है। वह पार्टी को प्रेरणा देती है। इसे चुनावी नफा-नुकसान के पैमाने पर नहीं तौला जा सकता।"
राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव परिणाम पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप भले नहीं रहे, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं को इससे निराश नहीं होना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications