दिल्ली मेट्रो का निर्माणाधीन पुल गिरा, 5 की मौत (लीड-2)
डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल ने संवाददाताओं को बताया कि यह हादसा सुबह पांच बजे के आसपास दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश के निकट जमरूदपुर इलाके में हुआ। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।
दयाल ने बताया कि 15 घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जिसमें से तीन को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो लोग मलबे में दबे हुए थे उनके भी मारे जाने की पुष्टि हो गई है। घायल मजदूरों को एम्स, मूलचंद और सफदरजंग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
मारे गए तीन लोगों की पहचान कर ली गई है जिसमें से एक साइट इंजीनियर अंशुमान और मजदूर निरंजन एवं बादल सिंह है। दयाल ने कहा कि एम्स में भर्ती दो लोगों की हालत गंभीर है।
यह पुल केंद्रीय सचिवालय और बदरपुर लाइन पर बन रहा था, जिसे सितंबर 2010 तक पूरा किया जाना था।
घटना के समय मौके पर कुल 30 मजदूर मौजदू थे और इनमें से 20 मजदूर इस दुर्घटना की चपेट में आ गए।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि जिन पिलरों पर पुल को रखा जाना था वे क्षतिग्रस्त थे। एक मजदूर ने कहा, "पिलर में दरार थी, इसकी शिकायत हमने ठेकेदार और अधिकारियों से की थी लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया।"
मौके पर राहत कार्य में लगे एक पुलिसकर्मी बलविंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने 16 घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया है।
प्रवक्ता ने कहा कि राहत कार्य आरंभ हो गया है। मलबा हटाने के लिए छह क्रेनों को लगाया गया है। दिन में डीएमआरसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ई. श्रीधरन घटनास्थल का दौरा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications