ज्योति बसु अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर (लीड-2)
एएमआरआई अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक देबाशीष शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "वह आंत में आए फैलाव की समस्या से पीड़ित हैं। सुबह वह थोड़े समय के लिए अचेत भी हो गए थे। शुरू में उनका रक्तचाप भी ऊपर-नीचे हो रहा था, लेकिन अब सामान्य है। वह अब स्थिर हैं।"
इसी आठ जुलाई को 96 वर्ष के हुए बसु को रात में आवास पर हुई परेशानी के बाद एंबुलेंस से साल्टलेक के समीप एएमआरआई अस्पताल ले जाया गया।
शर्मा ने कहा कि अस्पताल लाते समय रास्ते में बसु को ऑक्सीजन दिया गया था, लेकिन अब उनका ऑक्सीजन स्तर बेहतर है।
अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि अपराह्न् में बसु ने पेट में दर्द की शिकायत की थी, लेकिन अब उन्हें आराम है।
अस्पताल लाए जाने के बाद बसु का ईसीजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे व रक्त जांच किया गया। अपराह्न् में उन्हें तरल भोजन दिया गया।
उनके पुत्र चंदन बसु ने संवाददाताओं को बताया कि ज्योति बसु की हालत अब ठीक है।
अस्पताल पहुंचने वालों में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी और राज्य के परिवहन मंत्री सुभाष चक्रबर्ती भी शामिल थे।
बसु के कमरे से बाहर निकलने के बाद चक्रबर्ती ने संवाददाताओं से कहा, "उन्होंने मुझसे बात की। उनकी हालत में सुधार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications