मंत्रियों की संपत्ति की कुर्की करने की तैयारी
राज्य सतर्कता विभाग की एक याचिका पर विनय कांत खान की विशेष सतर्कता अदालत ने गत 27 जून को दोनों मंत्रियों के खिलाफ वारंट जारी किए थे। तभी से दोनों मंत्री भूमिगत हो गए हैं। पुलिस ने रांची, सिमडेगा और देवघर जिलों में स्थित उनके घरों की पिछले दिनों तलाशी भी ली थी।
सतर्कता आयोग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "एनोस एक्का द्वारा दायर की गई अग्रिम जमानत याचिका पर सतर्कता अदालत के फैसले का हम इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को इस मामले की सुनवाई होनी है।"
उन्होंने कहा, "हमारे पास दो ही विकल्प बचे हैं। या तो हम दोनों को गिरफ्तार करें या फिर दोनों समर्पण कर दें।"
सतर्कता आयोग ने इस मामले की जांच के दौरान पाया था कि एक्का के पास 3.73 करोड़ रुपये और राय के पास 1.16 करोड़ रुपये की संपत्ति है जो कि उनके आय के श्रोतों से बहुत अधिक है।
ज्ञात हो कि पिछले साल नवम्बर महीने में दोनों मंत्रियों के खिलाफ सतर्कता अदालत के आदेश पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे। दोनों पर सरकारी कोष के दुरुपयोग और षडयंत्र व गैरकानूनी तरीके से धन इकट्ठा करने के आरोप हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications