महाराष्ट्र में नौका दुर्घटना में मृतकों की संख्या 19 हुई
पुलिस ने रविवार को बताया कि दुर्घटना भंडारा जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर खम्बारी गांव के नजदीक हुई।
बचाव अभियान की निगरानी कर रहे जिला पुलिस अधीक्षक सुरेश सागर ने बताया कि शनिवार शाम को नदी पार कर रही एक दूसरे से बंधी दो नौकाओं में 35 महिलाएं सवार थीं। सभी महिलाएं कृषि मजदूर थीं और दैनिक कार्य समाप्त करके शाम करीब छह बजे अपने गांव वापस लौट रही थीं।
चार महिलाएं और तीन नाविक तैरकर किनारे पहुंचने में सफल रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार देर रात तक 10 महिलाओं के शवों को बाहर निकाल लिया था।
सागर ने आईएएनएस को बताया कि रात भर चले बचाव अभियान में नौ अन्य शवों को बाहर निकाला जा सका। अभी भी लापता 11 महिलाओं की तलाश जारी है। पुलिस और स्थानीय नागरिक नदी के आगे के बहाव में उनकी तलाश कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 100,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि भंडारा नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल का गृह जिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications