जम्मू एवं कश्मीर में मंत्रिमंडल का विस्तार, 13 नए मंत्री शामिल
इस मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की छह माह पुरानी सरकार में मंत्रियों की संख्या अब 23 हो गई है।
राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल विस्तार में नेशनल क्रांफ्रेंस के सात, कांग्रेस के छह और नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के एक सदस्य को जगह दी गई है।
उमर अब्दुल्ला सरकार में नेशनल कांफ्रेंस की सकीना इटू एकमात्र महिला मंत्री हैं जिन पर लश्कर-ए-तैयबा ने पांच बार जानलेवा हमला किया है। इटू इससे पहले वर्ष 1996-2002 में नेशनल कांफ्रेंस की सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुकी हैं।
उनके पिता वली मोहम्मद इटू की आतंकवादियों ने 1994 में हत्या कर दी थी। वह नेशनल कांफ्रेंस के कद्दावर नेता थे।
मंत्रिमंडल विस्तार में सकीना के अलावा कैबिनेट मंत्रियों में कमरअली अखून, आगा रूहल्ला, ए.जी.मलिक एवं आर.एस. छिब (नेशनल कांफ्रेंस), रमन बल्ला और जी.एम. सरूरी (कांग्रेस) तथा गुलाम हसन मीर (नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी) शामिल किए गए हैं।
राज्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में एजाज खान, मनोहरलाल शर्मा और शबीर हुसैन खान (कांग्रेस), नसीर सोगामी एवं जावेद डार (नेशनल कांफ्रेंस) शामिल हैं।
राज्य की गठबंधन सरकार के दो मुख्य घटक दलों नेशनल कांफ्रेस और कांग्रेस के बीच सहमति के बाद यह मंत्रिमंडल विस्तार किया गया है।
इससे पहले पांच जून को कांग्रेस के पांच और नेशनल कांफ्रेंस के चार मंत्रियों ने शपथ ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications