अहमदाबाद जहरीली शराब कांड के सूत्रधार की पहचान हुई: पुलिस (लीड-1)
अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा के उपायुक्त (डीसीपी)अभय चुड़ासमा ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने अहमदाबाद के समीप स्थित मुहम्मदाबाद निवासी विनोद डागरी की पहचान जहरीली शराब की आपूर्ति करने वाले के रूप में की है। वह त्रासदी के आरंभ होने के बाद से ही फरार चल रहा है और अब पुलिस पूरे राज्य में उसकी तलाश में लगी है।
उन्होंने बताया कि डागरी ने 1,000 लीटर देशी शराब की आपूर्ति अहमदाबाद के अवैध शराब व्यवसायी हरिशंकर कहार उर्फ हरिओम को की थी। कहार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
अपराधा शाखा अब्दुल शारा नामक एक अन्य अवैध शराब व्यापारी की भी तलाश कर रही है, जिस पर जहरीली शराब की आपूर्ति करने का संदेह है।
पुलिस उन लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने देशी शराब में मिलाए जाने वाले रसायनों की आपूर्ति की।
पुलिस ने बताया कि कहार के तीन सहयोगियों को भी शनिवार सुबह गिफ्तार किया। इनकी पहचान विपुल लोहार,उत्तम लोहार और हिम्मतसिंह के रूप में की गई है।
उधर जहरीली शराब कांड को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले जारी रखे। विधानसभा में विपक्ष के नेता शक्तिसिंह गोहिल ने संवाददाताओं से कहा कि अवैध शराब के व्यापारियों को गिरफ्तार करने के लिए उपयुक्त कदम नहीं उठाकर मुख्यमंत्री उनको बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल ने कहा कि पार्टी विधायक आने वाले दिनों में इस मुद्दे को विधानसभा के भीतर और बाहर उठाना जारी रखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications