आर्थिक संकट से उबर सकता है भारत : प्रधानमंत्री
एयर इंडिया वन से , 11 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि उन्हें भारत के आर्थिक संकट से उबरने और 8-10 प्रतिशत की विकास दर को फिर से हासिल करने का विश्वास है। परंतु उन्होंने आगाह किया कि वैश्विक मंदी के वर्तमान दौर में अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक पर्यावरण से बहुत सहायता नहीं मिलने जा रही है।
इटली से जी-8 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद वापस लौटते हुए प्रधानमंत्री ने मीडिया से कहा, "मैं इस विश्वास के साथ स्वदेश लौट रहा हूं कि 8-10 प्रतिशत की विकास दर दोबारा हासिल करने के लिए हमें अपने प्रयासों को मजबूत करना जारी रखना चाहिए। आने वाले कुछ समय तक अंतर्राष्ट्रीय वातावरण से बहुत सहायता नहीं मिलेगी। बहरहाल मेरा विश्वास है कि हमारी आर्थिक ताकत में तेज और समग्र विकास की गति को दोबारा वापस पाने की क्षमता है।"
उन्होंने कहा,"यह बैठक ऐसे समय पर हुई जब विकसित दुनिया के केंद्र में पैदा वित्तीय संकट से उत्पन्न मंदी से विश्व उबरने का प्रयास कर रहा है। इस बैठक के बाद मेरा मानना है कि स्थिति में कुछ सुधार दिखाई देने के बावजूद पहले की तरह आर्थिक विकास गति हासिल करने के लिए विश्व अर्थव्यवस्था को लंबा समय लगेगा।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं विशेषकर द्वितीय विश्व युद्ध के बाद स्थापित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के वर्तमान समय में अप्रासंगिक होने के भारत के रुख पर अंतर्राष्ट्रीय समर्थन बढ़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications