सेंसेक्स व निफ्टी 10 फीसदी तक गिरे (साप्ताहिक समीक्षा)
प्रमुख सूचकांकों में पिछले बंद के मुकाबले 10 फीसदी तक की कमजोरी आई जो अक्टूबर 2008 के बाद से एक सप्ताह में आई सबसे बड़ी गिरावट है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सप्ताह के दौरान 1,408.83 अंक यानी 9.45 फीसदी फिसलकर 13,504.22 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' सप्ताह के दौरान 9.5 फीसदी की गिरावट के साथ 4003.9 पर रहा।
सप्ताह के दौरान सेंसेक्स ने 15,097 के उच्चतम और 13,418 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया जबकि निफ्टी 4,479 के उच्चतम और 3,976 के न्यूनतम स्तर पर गया।
सोमवार को सेंसेक्स में 869.65 अंक यानी 5.83 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई जबकि निफ्टी 5.84 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। मंगलवार का दिन उतार-चढ़ाव से भरा रहा और सेंसेक्स में 127.05 अंक की मजबूती आई तथा वह 14,170.45 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 0.88 फीसदी की तेजी के साथ 4,202.15 पर बंद हुआ।
बुधवार को एक बार फिर बाजार पर मंदड़िए हावी रहे और सेंसेक्स 401 अंक गिरकर बंद हुआ। निफ्टी में भी 127 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सेंसेक्स 11.69 अंक गिरकर 13,757.46 पर और निफ्टी 0.05 अंक ऊपर 4,080.95 पर बंद हुआ।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भी बाजार में गिरावट का रुख जारी रहा और सेंसेक्स 253 अंक गिरकर 13,504.22 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 1.89 फीसदी की गिरावट के साथ 4,003.9 पर बंद हुआ।
सप्ताह के दौरान आईटीसी, हीरो होंडा, अंबुजा सीमेंट्स और टीसीएस कंपनियों के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई जबकि रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रा, टाटा स्टील, डीएलएफ और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक गिरावट आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications