भारत की वैश्विक भूमिका का विस्तार चाहता है अमेरिका
वाशिंगटन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। एक ओर जहां भारत वैश्विक मुद्दों पर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है वहीं अमेरिका विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच रिश्ते प्रगाढ़ करने और भारत की भूमिका में विस्तार के बेहतरीन अवसर के रूप में देख रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता फिलिप जे. क्राउली ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि क्लिंटन ने कुछ सप्ताह पहले ही कहा था कि विश्व के सबसे बड़े और सबसे पुराने लोकतंत्र वाले इन देशों के रिश्तों में गत 20 वर्षो के दौरान महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।
क्राउली ने जलवायु परिवर्तन, परमाणु अप्रसार, चरमपंथ, वैश्विक आर्थिक हालात, दुनिया भर में खाद्य सुरक्षा और सांस्कृतिक विविधताओं के प्रति सम्मान जैसी प्रमु़ख चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सब समस्याओं से निपटने की प्रक्रिया में भारत की महत्वपूर्ण भागीदारी है।
क्राउली ने कहा, "इसीलिए मैं सोचता हूं कि भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते बढ़ाने और उन्हें प्रगाढ़ करने का यह एक बेहतरीन अवसर है। न केवल द्विपक्षीय स्तर पर बल्कि बहुपक्षीय स्तर पर भी भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications