रोमर की भारत में राजदूत पद पर नियुक्ति को सीनेट की मुहर (लीड-1)
वाशिंगटन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से टिम रोमर की भारत में नए राजदूत के रूप में नियुक्ति को सीनेट ने मंजूरी दे दी है।
सांसदों ने शुक्रवार को रोमर की नियुक्ति को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इस संसदीय प्रक्रिया में मत दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की अगले सप्ताह की भारत यात्रा के मद्देनजर रोमर तत्काल नई दिल्ली रवाना हो सकते हैं।
अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में वर्ष 1991 से 2003 तक इंडियाना के साऊथ बेंड का प्रतिनिधित्व करने वाले रोमर ओबामा के आरंभिक राजनीतिक दिनों से ही उनके समर्थक रहे हैं।
रोमर को एक समय सीआईए प्रमुख बनने की दौड़ में शामिल माना जा रहा था। उन्होंने न्यूयार्क पर हुए 11 सितम्बर 2001 की हमले की जांच के लिए बने ब्लू-रिबन आयोग में भी काम किया। 52 वर्षीय पूर्व सांसद ने गवर्नमेंट में डाक्टरेट की डिग्री हासिल कर रखी है और इस समय वाशिंगटन में सेंटर फॉर नेशनल पॉलिसी के प्रमुख हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications