उरुमकी में जुमे की नमाज़ पर रोक

टेलीविजन चैनल अल जजीरा की रिपोर्ट में चीन के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि शहर की मस्जिदे आज खुली नहीं रहेंगी। शिनजियांग की कई मस्जिदों के बाहर सामान्य नमाज स्थगित करने की घोषणा देने वाले नोटिस चस्पां किए गए हैं। उनमें कहा गया है कि जो लोग इबादत करना चाहें, वे घर पर कर सकते हैं। वहीं सुरक्षाकर्मियों ने पूरे प्रांत को अपने कब्जे में ले लिया है और हालात को काबू में करने के प्रयास कर रहे हैं।
शिनजियांग उयगूर स्वायत्त प्रांत की राजधानी उरुमकी में मुस्लिम उयगुर समुदाय के लोगों का हान समुदाय के साथ पिछले कई दिनों से संघर्ष जारी है। सैकड़ों प्रदर्शनकारी पिछले महीने दक्षिणी चीन के एक कारखाने में उयगूर और हान समुदाय के मजदूरों के बीच हुए संघर्ष के मामले की जांच की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़पों में 156 लोग मारे गए थे और 1000 से ज्यादा घायल हो गए थे।
अमेरिका ने अपने नागरिकों को ट्रेवल सूचना जारी करते हुए उनसे चीन के हिंसाग्रस्त इलाकों की यात्रा न करने को कहा है। चीन में रहनेवाले अमेरिकी नागरिकों से भी घर से बाहर न निकलने को कहा गया है।


Click it and Unblock the Notifications