दमोह में महिला को जिंदा जलाया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पथरिया थाने के पिपरौदा छक्का गांव में रहने वाली विनीता पटेल से देवकी तिवारी नामक व्यक्ति आए दिन छेड़छाड़ किया करता था। विनीता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान में कहा गया है कि गुरुवार की शाम को देवकी ने उससे एक बार फिर छेड़छाड़ की, जब उसने विरोध किया तो देवकी ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसी विनीता को दमोह के जिला चिकित्सालय में लाया गया जहां हालत में सुधार न होने पर जबलपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसने शुक्रवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दमोह के पुलिस अधीक्षक दिलीप आर्य ने आईएएनएस को बताया कि महिला के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर देवकी तिवारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच भी कर रही है क्योंकि गांव के कुछ लोगों ने विनीता द्वारा खुद आग लगाए जाने की बात कही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।