न्यायालय में बम विस्फोट, वकील समेत 2 की मौत (लीड-2)
पटना, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिला न्यायालय में शुक्रवार को हुए बम विस्फोट में एक वकील समेत दो लोगों की मौत हो गई और तीन वकील घायल हो गए। इधर, पुलिस मुख्यालय ने पुलिस अधीक्षकों को जिला न्यायालयों में सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दिया है।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील कुमार ने बताया कि आज एक व्यक्ति अपने साथ एक बम लेकर न्यायालय परिसर में आया था और इसी दौरान बम विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में बम लाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार वकील घायल हो गए। चारों घायल वकीलों में से एक विनय तिवारी ने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि बम लाने वाले व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। कुमार के अनुसार मृतक के पैंट की जेब से न्यायालय में लंबित दो मामलों से संबंधित कागजात पुलिस को मिले हैं, जिसके आधार पर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि घायल वकीलों जितेन्द्र सिंह तथा उमेश सिंह का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है जबकि एक अन्य घायल वकील मणिशंकर सिंह का इलाज आरा के सदर अस्पताल में चल रहा है।
इधर, राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) नीलमणि ने बताया कि राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों को व्यवहार न्यायालय समेत जिला न्यायालयों में सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए न्यायालयों में अलग से पुलिस बल नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है।
उधर, भोजपुर के पुलिस उपाधीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस ने मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि बम न्यायालय परिसर में क्यों लाया गया यह जांच के बाद ही पता चल सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications