भोजपुर न्यायालय में बम विस्फोट में एक मरा, 4 वकील घायल (लीड-1)
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील कुमार ने बताया कि आज एक व्यक्ति अपने साथ एक बम लेकर न्यायालय परिसर में आया था और इसी दौरान बम विस्फोट कर गया। इस विस्फोट में खुद उसकी मौत हो गई जबकि चार वकील घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पायी है। कुमार के अनुसार मृतक के पैंट की जेब से न्यायालय में लंबित दो मामलों से संबंधित कागजात पुलिस को मिले हैं, जिसके आधार पर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में चार वकील भी घायल हुए हैं। घायल वकीलों विनय तिवारी, जितेन्द्र सिंह तथा उमेश सिंह को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है जबकि एक अन्य घायल वकील मणिशंकर सिंह का इलाज आरा के सदर अस्पताल में चल रहा है।
भोजपुर के पुलिस उपाधीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस ने मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि बम न्यायालय परिसर में क्यों लाया गया, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications