चीन में भूकंप, एक की मौत, लाखों बेघर (लीड-2)
कनमिंग(चीन), 10 जुलाई (आईएएनएस)। चीन के दक्षिण-पश्चिम यूनान प्रांत में गुरुवार शाम आए भूकंप में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 400,000 से ज्यादा बेघर हो गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.0 मापी गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक भूकंप में 75,000 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए। याओएन कांउटी के एक अधिकारी ने बताया कि 50 साल की एक महिला मलबे में दब गई। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
भूकंप राहत मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि 325 लोग बुरी तरह घायल हैं, जिनमें 24 की हालत नाजुक है।
1000 से ज्यादा सैनिक और पुलिस अधिकारी स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि 400,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की जरूरत है। स्थानीय लोगों में तंबू, दवाइयां और भोजन वितरित की जा रही हैं।
याओएन और आसपास के इलाकों में भूकंप के असर से 18000 से ज्यादा मकान ढह गए हैं और 75,000 क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि भूकंप स्थानीय समयानुसार गुरुवार शाम 7.19 बजे आया। भूकंप का केंद्र गुआंतुन टाउनशिप में करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
उसके बाद भूकंप के आठ झटके महसूस किए गए जिनकी रिक्टर पैमाने पर तीन से 4.1 के बीच थी। इनमें से तीन का केंद्र याओएन और पांच का पड़ोसी दायो काउंटी में था।
स्थानीय लोग भूकंप के और झटकों की आशंका से घरों से बाहर जमा हो गए। चुक्सियांग, लिज्जांग सिटी, कनमिंग और डालि बाए स्वायत्त क्षेत्र में भी भूकंप के जबरदस्त झटके महसूस किए गए।
दो टीमें गठित की गई हैं जिनमें से एक का नेतृत्व यूनान गवर्नर किन गुआंगरोंग करेंगे और दूसरी का नेतृत्व नागरिक मामलों से संबद्ध मंत्रालय करेगा। गुआंगरोंग ने आपदा राहत के लिए दो करोड़ युआन देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications