जेल में बोर हो रहा है कसाब

कसाब ने यह आग्रह बुधवार को मुंबई हमला मामले की सुनवाई के दौरान विशेष कोर्ट के जज एमएल ताहिलियानी के समक्ष किया। कसाब ने कहा या तो कोर्ट उसे किताबें मुहैया कराए या फिर गिरफ्तारी के समय उसके पास से बरामद की गई राशि से इन्हें खरीदने की इजाजत दी जाए।
जज द्वारा पूछे जाने पर काजमी ने कहा 'कसाब पुस्तकें चाहता है। वह जेल में बोर हो रहा है।" बाद में कसाब ने कोर्ट में अपनी मांग दोहराई। कोर्ट ने उसे बताया कि मामले की सुनवाई प्रक्रिया में है और उसके पास से बरामद राशि अब कोर्ट की संपत्ति बन चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तारी के वक्त कसाब के पास से 4,580 रु. जब्त किए थे।
आर्थर रोड जेल में कड़ी सुरक्षा निगरानी में कैद अजमल पहले भी अदालत से अखबार की मांग कर चुका है। तब भी उसने अपने पैसे की धौंस देते हुए कहा था कि अगर अदालत अखबार नहीं दे सकती तो उसके पैसों से अखबार खरीद कर दिया जाए।
अजमल की उर्दू अखबार की मांग को अदालत ने खारिज कर दिया था।
इस बीच, एक अन्य घटनाक्रम में अदालत ने फहीम अंसारी को लंच के दौरान रोज दो मिनट के लिए पत्नी से मुलाकात की अनुमति दे दी है। गुरुवार को वह दस मिनट के लिए पत्नी से मिल सकेगा। मुंबई हमला मामले में सह अभियुक्त फहीम की यह मांग पहले अदालत ने नामंजूर कर दी थी।


Click it and Unblock the Notifications