रणबीर एनकाउंटर: सीबीआई जांच की सिफारिश

रणवीर के घरवालों ने आरोप लगाया है कि पुलिस वालों ने उनके बेटे को फर्जी मुठभेड़ में मारा है और यह किसी सोची समझी साजिश का नतीजा है। रणबीर के पिता रवींद्र ने कहा कि उनके बेटे का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था और वह देहरादून नौकरी के सिलसिले में गया था।
वहीं उत्तराखंड पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर रणवीर और उसके दो दोस्त पुलिस से उलझ गए और बाद में वे सब इंस्पेक्टर का रिवाल्वर लेकर भाग गए। पुलिस ने जब उन्हें समर्पण करने को कहा तो उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी और इसके बाद पुलिस की गोलीबारी में रणवीर मारा गया।
रणवीर के पिता रवींद्र सिंह ने मंगलवार को रायपुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत देकर पुलिस के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि उनके बेटे के हत्यारे पुलिस वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होनी चाहिए।
रणबीर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसे 10 गोलियां लगीं। आठ गोलियां उसके शरीर को पार करती हुई निकल गईं। रिपोर्ट में कहा गया कि गोलियां बिल्कुल नजदीक से मारी गईं। इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि उसे गोली मारने से पहले पीटा गया था क्योंकि रणबीर के शरीर पर चोट के कई निशान थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications