बेंगलुरू की महिलाएं दुनिया पर भारी: ओबामा

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि इंटरनेट कनेक्शन से लैस बेंगलुरू की एक महिला पूरी दुनिया पर भारी पड़ सकती है। वो विश्व में कहीं भी बैठे किसी से भी प्रतिस्पर्धा में डट कर मुकाबला कर सकती है।
ओबामा ने यह बात मॉस्को के छात्रों को संबोधित करते हुए कही। ओबामा ने कहा, "हम सदी की सबसे बड़ी मंदी के सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। मैं मानता हूं कि अब बाजार में हर तरफ से कंपनियां धन को खींचने के प्रयास में जुटी हैं। लेकिन बाजार में उछाल वहीं आएगा जहां लोग जोखिम उठाना जानते होंगे और जहां भ्रष्टाचार कम होगा। वरना सब विलुप्त हो जाएगा, चाहे वो मिसिसिप्पी हो या वोलगा।"
नए बाजार का सृजन हो
बराक ओबामा ने कहा अमेरिका, चीन और भारत जैसे देशों के लिए यह अच्छा होगा कि उनके लिए नए बाजार का सृजन किया जाए और वहीं पर व्यापार को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा, "यदि भारत में नए बाजार का सृजन होता है, चीन में नए शोध होते हैं और लोगों के बीच नए संपर्क बनते हैं, तो हम सभी को इसका फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि यदि बेंगलुरू में बैठी एक महिला पूरे विश्व से मुकाबला कर सकती है, चीन का एक छोटा सा व्यवसायी विश्व पटल पर एक बड़ा उद्यम स्थापित कर सकता है, तो सब मिलकर इस आर्थिक मंदी से क्यों नहीं निपट सकते हैं। इसके लिए जरूरत होगी एक-दूसरे के साथ अच्छे तामलमेल की। भारत, रूस, अमेरिका, चीन, जैसे देशों के साथ सही तालमेल से एक बड़ा बाजार स्थापित किया जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications