परमाणु हथियार मुक्त विश्व के ओबामा के आह्वान का समर्थन
इटली के ल'अक्वि ला शहर में शिखर बैठक में हिस्सा ले रहे नेताओं ने बुधवार को जारी साझा बयान में कहा, "हम सभी ऐसे विश्व का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध है जहां सबके लिए सुरक्षा हो तथा परमाणु हथियारों के लिए कोई जगह ना हो।"
जी-आठ देशों- ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और रूस के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों ने ओबामा की ओर से हाल ही में इस की घोषणा का स्वागत किया जिसमें उन्होंने समग्र परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि (सीटीबीटी) के अनुमोदन की बात कही थी।
जापान में पिछले साल हुए जी-आठ शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों के नेताओं ने आतंकवादियों द्वारा व्यापक संहार की आशंका वाले हथियार हासिल करने के खतरे पर चिंता जाहिर की गई थी। नेताओं ने चेतावनी दी थी कि ऐसे हथियारों के प्रसार से वे वैश्विक चुनौती पेश करते रहेंगे और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बने रहेंगे।
ओबामा ने अप्रैल में यूरोप के प्रथम दौरे में परमाणु हथियार मुक्त विश्व की अपनी परिकल्पना के बारे में बताया था।
जी-आठ देशों ने अलग से जारी घोषणा पत्रों में उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षणों की निंदा की और ईरान से अपने परमाणु कार्यक्रम के बारे में अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ पूरी तरह सहयोग करने के लिए कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications