मध्य प्रदेश में नरेगा में गड़बड़ी हुई तो अफसर जेल जाएंगे
भोपाल,9 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो अफसर ऐसा करेंगे उन्हें जेल तक जाना पड़ सकता है।
पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव ने यह बात गुरूवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक गोविन्द सिंह द्वारा लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में कहीं। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने नरेगा में अनियमितता पर अर्थ दंड का प्रावधान किया है, मगर प्रदेश सरकार की इस योजना में गड़बड़ी करने वाले अफसरों को जेल भेजने की मंशा है। इसके लिए सरकार कानून बनाने जा रही है।
विधायक गोविन्द सिंह ने अपने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में भिन्ड के अटेर में नरेगा के तहत हुई गड़बड़ियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि अटेर में नरेगा का काम मशीनों से कराया गया है और इस योजना की राशि में से अन्य खरीदी की गई है। इस पर भार्गव ने जवाब दिया कि प्रदेश में नरेगा के तहत चल रहे कार्यों का वे लेखा जोखा एकत्रित कराएंगे और गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई भी करेंगे। उन्होंने बताया कि स्वीकृत राशि में से 94 प्रतिशत राशि से रोजगार मूलक कार्य कराना जरूरी है और छह प्रतिशत राशि ही प्रशासकीय कार्य पर खर्च की जा सकती है। इन निर्देशों का जहां भी उल्लंघन हुआ होगा वहां के जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications