मां-बेटे के शव बरामद, 2 बहनें पुलिस हिरासत में
नगर थाना के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि रायगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र मुकेश कुमार इन दिनों अपनी मां सुमित्रा देवी से मिलने दरभंगा के सुबमपुर मुहल्ला आया हुआ था। गुरूवार की सुबह जिस घर में ये लोग रहते थे उस घर में आग लगने की घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया तथा घर में से मां और बेटे का शव बरामद किया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में सुमित्रा देवी की दोनों बेटियों 19 वर्षीय मधु तथा 16 वर्षीय माला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था।
विपिन कुमार के अनुसार लोगों ने बताया कि दोनों बहनों को भाई मुकेश कुमार बराबर प्रताड़ित करता रहता था, जिसमें उसका साथ उसकी मां भी दिया करती थी। पुलिस को आशंका है कि इसी कारण दोनों बहनों ने किन्हीं अन्य लोगों से मिलकर इस घटना को अंजाम दिया हो सकता है।
इस मामले की एक प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications