जी-8 घोषणापत्र : आतंकवाद से मुकाबले के लिए बेहतर समन्वय जरूरी
ल'अक्वि ला, 9 जुलाई (आईएएनएस)। दुनिया के सबसे बड़े औद्योगिक देशों के संगठन जी-8 की ओर से गुरुवार को जारी घोषणा पत्र में आतंकवादी संगठनों द्वारा अपने दुष्प्रचार के लिए किए जाने वाले इंटरनेट के दुरुपयोग को रोकने के लिए सदस्य देशों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
घोषणा पत्र में कहा गया, "अपने दुष्प्रचार के लिए जनसंचार के आधुनिक एवं परंपरागत माध्यमों का आतंकवादी संगठनों द्वारा किए जाने वाले दुरुपयोग को रोकने पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। आतंकवादी संगठनों द्वारा अपने कट्टरपंथी संदेशों और योजनाओं के प्रसार के लिए तथा हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए विशेष रूप से इंटरनेट का इस्तेमाल धड़ल्ले से हो रहा है।"
"हम समझ चुके हैं कि आतंकवाद को कारगर ढंग से परास्त करने के लिए बहुपक्षीय और समन्वित प्रयास विशेषकर सूचना की भागीदारी और क्षमता विकसित करने की जरूरत है।"
घोषणा पत्र में कहा गया है कि आतंकवाद से पीड़ित लोगों पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए। उसमें कहा गया है कि सदस्य देश पीड़ित परिवारों की मदद की दिशा में पहल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
घोषणा पत्र में कहा गया है, "आतंकवादियों के आवागमन, उन्हें मिलने वाली वित्तीय सहायता, उनके द्वारा गैर लाभकारी संस्थाओं के दुरुपयोग तथा हथियारों सहित अन्य तरह के समर्थन हासिल किए जाने के खिलाफ संघर्ष में विशेषकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत समग्र प्रतिबंध तंत्र गठित करके हमने उल्लेखनीय प्रगति की है। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications