मध्य प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा
विधानसभा की कार्यसूची के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में गहराए जल संकट पर चर्चा होना थी। भोजनावकाश के बाद कांग्रेस के विधायकों ने प्रदेश के कानून व्यवस्था और टीकमगढ़ जिले के निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर को हत्या का आरोपी बनाए जाने का मसला उठाया और इस पर चर्चा कराने की मांग की।
चर्चा की मांग को जब विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी ने अस्वीकार कर दिया तो कांग्रेस विधायक हंगामे पर उतर आए। वे विधानसभा अध्यक्ष के समीप गर्भगृह (वैल) में पहुंच गए और रघुपति राघव राजा राम भजन गाने लगे। इस हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष को दो बार 10-10 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित करना पड़ी।
कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में हंगामा तो किया ही कई जानवरों की आवाजें भी निकाल कर कार्यवाही में व्यवधान डाला। विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों को गुरुवार को इस मसले पर अपने कक्ष में चर्चा का आश्वासन दिया, मगर विधायकों ने हंगामा जारी रखा।
कांग्रेस विधायकों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मंत्री सुनील नायक की जिस स्थान पर हत्या हुई थी वहां से राठौर काफी दूर थे। यह बात पुलिस अधिकारियों की रिपोर्ट से भी पता चलती है। इसके बावजूद राठौर को हत्या का आरोपी बनाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications