शराब हादसे में मृतकों की संख्या 27 हुई, जांच आयोग गठित होगा
राज्य के गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात विधानसभा में बुधवार को विपक्षी सदस्यों के सवालों के जवाब में इस आशय की जानकारी दी। लेकिन वह तत्काल यह नहीं बता पाए कि आयोग मामले की जांच कब से शुरू करेगा।
शाह ने कहा, "सरकार ने इलाके के एक पुलिस उपाधीक्षक को निलंबित करने का आदेश दे दिया है और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।"
गृह मंत्री ने कहा कि हादसे में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है और सरकार स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए है। लेकिन विपक्षी सदस्यों ने मामले में सरकार द्वारा की गई कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए विधानसभा से बहिर्गमन किया।
इस बीच गैर सरकारी सूत्रों ने कहा कि अहमदाबाद के चार प्रमुख अस्पतालों में अभी भी 16 लोग सघन चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
अहमदाबाद के एक सरकारी अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि बुधवार को अपराह्न् 1.30 बजे तक मरने वालों की संख्या 27 हो गई थी। लेकिन ओधाव इलाके से गंभीर रूप से बीमार लोगों के अस्पताल में लाए जाने का सिलसिला जिस तरह से जारी है, उससे मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।
चिकित्सक ने कहा कि शराब में एथिल एल्कोहल की अधिक मात्रा संभवत: लोगों के मौत का कारण बनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications