इस्पात उद्योग में वृद्धि के आसार : वीरभद्र
नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। घरेलू मांग बढ़ने और सरकार द्वारा ढांचागत खर्च बढ़ाने से चालू वित्त वर्ष में इस्पात उद्योग में वृद्धि के आसार हैं।
इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह ने भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग परिसंघ (एसोचैम)की ओर से आयोजित एक सम्मेलन में कहा, "इस उद्योग की स्थिति में इस साल व्यापक सुधार होगा और इसमें छह-आठ प्रतिशत की वृद्धि होगी।"
वित्तीय संकट और उच्च लागत की वजह से इस्पात कंपनियों का मुनाफा सिकुड़ गया था लेकिन सरकार द्वारा ढांचागत क्षेत्र में खर्च बढ़ाने से इस्पात की घरेलू खपत में इजाफा होगा, जिससे इस क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
चालू वित्त वर्ष में इस उद्योग में खपत में पांच फीसदी से ज्यादा तथा उत्पादन में 3.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
सिंह ने कहा, "हमारे देश में इस्पात की प्रतिव्यक्ति खपत 46 किलोग्राम है, वैश्विक औसत 150 किलोग्राम से काफी कम है। हमारा लक्ष्य वर्ष 2014 तक इसें बढ़ाकर 90 किलोग्राम तक ले जाना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications