सांसद की धमकी से सकते में आई भाजपा
73 वर्षीय कश्यप ने कहा है कि यदि गरीबी से त्रस्त बस्तर क्षेत्र की जनता को राज्य सरकार ने नजरअंदाज किया तो वे इस क्षेत्र के 11 विधायकों के साथ पार्टी से अलग हो जाएंगे। हालांकि कश्यप ने मुख्यमंत्री रमन सिंह को फोन कर कहा कि उनकी बातों को मीडिया ने तोड़मरोड़ कर पेश किया है।
कश्यप बस्तर से चौथी बार सांसद चुने गए हैं। बस्तर क्षेत्र दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और बस्तर जिले में फैला हुआ है। इस क्षेत्र में विधानसभा की 12 सीटें हैं जिनमें 11 पर भाजपा का कब्जा है।
कश्यप ने पिछले दिनों एक निजी कार्यक्रम में कुछ मीडियाकर्मियों की उपस्थिति में बगावत की यह धमकी दी थी।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कश्यप पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। हम अचंभित हैं कि वह खुलेआम इस प्रकार की धमकी कैसे दे सकते हैं। हालांकि उन्होंने ऐसी बयानबाजी का खंडन किया है लेकिन अखबारों में जो छपा है, वह भी गलत नहीं है।"
उन्होंने कहा, "ऐसी कोई यदि बात है तो उन्हें मुख्यमंत्री से बात करनी चाहिए थी। उन्हें इस तरह से पार्टी की फजीहत नहीं करानी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications