बिहार में 2 ठेकेदारों का अपहरण
पुलिस के अनुसार पटना के खगौल निवासी अरविन्द चौधरी तथा योगेन्द्र बिहिया दो दिन पूर्व किसी कार्य के सिलसिले में भागलपुर गए थे। वहां वे एक होटल में ठहरे थे। मंगलवार की दोपहर तक इन दोनों का संपर्क अपने परिवारों से हुआ था परंतु उसके बाद कोई संपर्क नहीं हो रहा है।
इधर, अरविन्द के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मंगलवार को दोपहर के बाद अरविन्द के भाई प्रवीण के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन किया गया जिसमें कहा गया कि वे दो करोड़ रुपए लेकर भागलपुर आए नहीं तो दोनों की हत्या कर गंगा नदी में फेंक दिया जाएगा। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को किसी प्रकार की सूचना नहीं देने की भी हिदायत दी।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि दोनों अपहृत व्यक्ति मोबाइल टावर का कार्य करने वाले छोटे ठेकेदार है। नीलमणि ने अपहृत व्यक्तियों के परिजनों से किसी प्रकार की फिरौती की मांग का खंडन किया है।
उधर, भागलपुर के पुलिस अधीक्षक बच्चु सिंह मीणा ने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी कोतवाली थाना में दर्ज करा दी गई है तथा संभावित ठिकानों पर पुलिस द्वारा छापामारी प्रारंभ कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications