मप्र: बारूद फैक्ट्रियों में विस्फोट, 16 की मौत

सिंगरौली के बलियरी औद्योगिक क्षेत्र में बारूद फैक्ट्रियों में रविवार की रात हुए जबरदस्त विस्फोट से पूरा इलाका थर्रा उठा । इस विस्फोट में आइडियल एक्सप्लोसिव और राजस्थान एक्सप्लोसिव फैक्ट्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे में मारे गए लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
रीवा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ए़ क़े श्रीवास्तव ने बताया कि बारूद फैक्ट्रियों में विस्फोट कैसे हुआ है इसकी जांच जारी है। इस हादसे में घायल हुए 49 लोगों का विभिन्न चिकित्सालयों में उपचार चल रहा है। भोपाल में मुख्यमंत्री चौहान ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक एक लाख और गंभीर रूप से घायल लोगों को 10-10 हजार तथा साधारण रूप से घायलों को पांच पांच हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के वक्त विभिन्न फैक्ट्रियों में मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट होते ही पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और पूरा आसमान धुएं के गुबार से ढक गया। यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आधा दर्जन से अधिक फैक्ट्रियां क्षतिग्रस्त हुई है और बड़ी संख्या में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications