जद-यु सांसदों का हंगामा, लोकसभा स्थगित

सदन में प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सुषमा स्वराज ने गृहमंत्री पी.चिदंबरम से पूछा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार पश्चिम बंगाल को चक्रवाती तूफान आइला पीड़ितों के पुनर्वास के लिए दी गई सहायता राशि वापस लेगी या नहीं।
उन्होंने इस संदर्भ में बिहार और उड़ीसा सरकारों को दी गई राशि भी केंद्र सरकार द्वारा वापस लेने का हवाला दिया। कोसी के बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए बिहार सरकार को सहायता राशि दी गई थी।
इसपर चिदंबरम ने कहा कि धन आवंटित करना और उसे वापस लेना संप्रग सरकार का काम नहीं है। गृहमंत्री के बयान के विरोध में जद-यु और बीजू जनता दल के सदस्यों ने संप्रग सरकार के खिलाफ नारे लगाए। शून्यकाल के दौरान जद-यु सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने जाकर नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदस्यों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन इन प्रयासों का कोई असर न होते देख उन्होंने सदन को स्थगित कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications