सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षणों की निंदा की (लीड-1)
न्यूयार्क, 7 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में किए गए मिसाइल परीक्षणों की निंदा करते हुए उससे अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करने तथा संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों का पालन करने को कहा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार संयुक्त राष्ट्र में युगांडा के राजदूत रुहाकना रुगुंडा ने सोमवार को बताया कि सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया द्वारा किए गए मिसाइल परीक्षणों की निंदा करते हुए इस पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन तथा क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती कहा गया है।
सुरक्षा परिषद के वर्तमान अध्यक्ष रुगुंडा ने इस मसले पर दो घंटे तक चले विचार-विमर्श के बाद प्रेस को जारी बयान में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने अपना पक्ष दोहराते हुए कहा है कि उत्तर कोरिया को अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करनी चाहिए तथा प्रस्ताव संख्या 1718 और 1874 सहित सभी संबद्ध प्रस्तावों के तहत अपने दायित्व निभाने चाहिए।
उत्तर कोरिया ने शनिवार को सात मिसाइल परीक्षण किए थे जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में चिंता फैल गई थी।
दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार उत्तर कोरिया ने पूर्वी तट से 400-500 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली क्षमता वाली सात मिसाइलें दागी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications