रणवीर के पिता ने पुलिस के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया
रणवीर के पिता रवींद्र सिंह ने मंगलवार को रायपुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
दर्ज प्राथमिकी में हालांकि किसी पुलिसकर्मी का नाम नहीं दिया गया है लेकिन इसमें मांग की गई है कि दिनदहाड़े फर्जी मुठभेड़ में की गई रणवीर की हत्या में दोषी सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होनी चाहिए।
भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
रवींद्र ने दो उप पुलिस अधीक्षकों पर डराने व धमकाने का आरोप लगाया है। रवींद्र का कहना है कि जब वह और उनके परिवार के लोग अपने घर गाजियाबाद से रणवीर का शव लेने के लिए देहरादून आए थे तो इन दो उप पुलिस अधीक्षकों ने उन्हें धमकाया था।
इससे पहले रायपुर पुलिस स्टेशन में रणवीर और उसके दो दोस्तों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। यातायात कानून का उल्लंघन कर मोटरसाइकिल पर भाग रहे रणवीर और उसके दो साथियों पर पुलिस ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी। पुलिस का आरोप है कि तीनों सब इंस्पेक्टर का रिवाल्वर छीनकर भाग रहे थे।
उत्तराखंड की सरकार ने इस मामले की जांच सीआईडी से कराने की घोषणा की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि रणवीर को 10 गोलियां लगीं। आठ गोलियां उसके शरीर को पार करती हुई निकल गईं। रिपोर्ट में कहा गया कि सभी गोलियां बिल्कुल नजदीक से मारी गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications