दक्षिण अफ्रीका में भारतीय इंजीनियर की गोली मार कर हत्या
आंध्र प्रदेश के वारंगल जिले में इस इंजीनियर के पारिवारिक सदस्यों ने मंगलवार को बताया कि बी.किरण (28) पर गुरुवार को हमला किया गया था। उसे घायलावस्था में जोहान्सबर्ग के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को तड़के उनकी मौत हो गई।
किरण पिछले दो वर्षो से दक्षिण अफ्रीका में कार्यरत थे। वह गुरुवार को जब अपने कार्यालय से लौट रहे थे तो दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दो गोलियां उनके शरीर में आ घुसीं।
किरण की मौत के बाद वारंगल जिले में अरपल्ली गांव स्थित उनके घर पर मातम का माहौल है।
किरण के पिता बी.शंकरैया ने कहा, "हम विश्वास नहीं कर सकते कि मेरा बेटा अब दुनिया में नहीं है। हमें नहीं पता कि उसकी हत्या किसने की और क्यों की।"
उन्होंने बताया कि किरण पिछले महीने छुट्टी बिताने घर आए थे और 27 जून को वह वापस जोहान्सबर्ग लौट गए थे।
किरण के भाई बी.सतीश ने संवाददाताओं को बताया कि दक्षिण अफ्रीका की पुलिस गोलीबारी की घटना के बारे में सोमवार को देर शाम परिवार को सूचित किया था। सतीश के अनुसार किरण के मित्रों ने उनके परिवार से कोई संपर्क नहीं किया।
वारंगल जिले के पुलिस अधीक्षक वी.सी.सज्जनार ने किरण के घर का दौरा करने के बाद कहा कि वह प्रशासन से इस घटना के बारे में जानकारी प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications