देहरादून मुठभेड़ः सीबीआई जांच की मांग

रणवीर का परिवार पुलिस के बयान से संतुष्ट नहीं हैं और मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। रवींद्र ने कहा कि अगर सरकार इसके आदेश नहीं देगी तो वह दबाव बनाएंगे।
रणवीर ने हाल ही में मेरठ विश्वविद्यालय से एमबीए किया था। वह कोटक महिंद्रा कंपनी में काम शुरू करने वाला था। पुलिस के बयान के अनुसार देहरादून के पास लाड़पुर के जंगलों में मुठभेड़ में रणबीर की मौत हो गई। देहरादून के एसएसपी अमित सिन्हा ने कहा कि रणवीर और उसके साथ दो अन्य लोग हरियाणा से चुराई हुई बाइक पर आ रहे थे, तभी एक पुलिस उप निरीक्षक जी.डी. भट ने दलनवाला में उनसे रुकने के लिए कहा।
सिन्हा का आरोप था कि जब पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें एक हथियार निकला। उनके मुताबिक इन युवकों ने भट से रिवाल्वर छीन ली और भागने लगे। इसके बाद भट ने वायरलैस पर संदेश जारी किया और बाद में एक अन्य स्थान पर तीनों को रोककर मुठभेड़ हुई, जिसमें रणवीर की मौत हो गई।
रणवीर के पिता का कहना है कि उनका बेटा निर्दोष है और उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने पदक की चाह में फर्जी मुठभेड़ में उसकी जान ले ली। गौरतलब है कि रणवीर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसके शरीर में करीब से मारी गईं गोलियों के 12 निशान सहित 27 अन्य जख्म हैं।


Click it and Unblock the Notifications