सिंगरौली में बारूद फैक्ट्री में विस्फोट से 5 मरे, 100 घायल (लीड-1)
मिली जानकारी के मुताबिक सिंगरौली के बैढन औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बारूद फैक्ट्री में रविवार की रात सात बजे जबरदस्त विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आस पास की कई फैक्ट्रियां और मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। विस्फोट के बाद आसमान पर धुएं का गुबार छा गया और बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
रीवा परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक क़े पी़ खरे ने आईएएनएस को बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और 100 से अधिक घायल हुए हैं। जिन्हें विभिन्न चिकित्सालयों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
सिहावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक विश्वामित्र पाठक ने आईएएनएस को बताया कि आइडियल एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में विस्फोट में बड़ी तादाद में लोग हताहत हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासनिक अमला घायलों को मलवे से निकालने में लगा हुआ है। एऩ टी़ पी़ सी़ और एम़ सी़ एल़ के दमकल दस्ते मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना जोरदार था कि दो किलोमीटर की परिधि में स्थित इमारतें भी हिल गईं। जिस बारूद फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है उसके आस पास की छह से अधिक फैक्ट्रियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। अभी भी मजदूर इन फैक्ट्रियों में फंसे हुए हैं। अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications