बीएसएफ प्रमुख ने पंजाब सीमा का दौरा किया (लीड-1)
कुमावत के साथ रहे पंजाब सीमा के उप महानिरीक्षक जागीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "कुमावत ने इलाके के ग्रामीणों से भी बातचीत की।"
उन्होंने कहा कि कुमावत ने शनिवार की घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों की बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने ग्रामीणों को चुस्त सुरक्षा बंदोबस्त का भरोसा भी दिलाया।
इस बीच बीएसएफ के अधिकारी अभी भी घटना के संदर्भ में पाकिस्तानी रेंजरों के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
बीएसएफ ने इस घटना पर रविवार को पाकिस्तानी रेंजरों को सख्त आपत्ति दर्ज कराई थी। शनिवार की रात पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में तीन रॉकेट दागे गए थे।
हालांकि इन हमलों से भारतीय क्षेत्र में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन इनमें से दो गोले भारतीय सीमा के अंदर एक गांव के पास गिरे थे। डांडे गांव के एक निवासी ने इस हमले में खुद के घायल होने का दावा किया था।
बीएसएफ के अधिकारियों ने यहां कहा कि पाकिस्तान की ओर से अभी इस मामले में कोई जवाब नहीं आया है और उन्हें उम्मीद है कि एक या दो दिनों के भीतर पाकिस्तान की ओर से घटना पर कोई जवाब जरूर आ जाएगा।
जागीर सिंह ने इसके पहले आईएएनएस से कहा था, "हम उम्मीद करते हैं कि घटना पर पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक जवाब एक या दो दिनों के भीतर आ जाएगा। रविवार को हमने पूरी स्थिति से उन्हें अवगत कराया था और संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों से मामले पर औपचारिक आपत्ति भी दर्ज कराई थी।"
जागीर सिंह ने कहा, "इलाके में स्थिति सामान्य है और हम पूरी तरह चौकस हैं। आमतौर पर हम यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी ही रखते हैं लेकिन शनिवार की घटना को ध्यान में रखते हुए हमने सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय किए हैं। हमने पाकिस्तानी रेंजरों से भी कहा है कि वे अपनी सीमा में चुस्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications